कांवड़ मेले के लिए 108 एम्बुलेंस सेवा अलर्ट, 15 एम्बुलेंस का औचक निरीक्षण

रुड़की। आगामी कांवड़ मेले को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग और 108 एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। 108 एम्बुलेंस सेवा के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कांवड़ मेला क्षेत्र एवं आसपास के मार्गों पर तैनात 15 एम्बुलेंसों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कुछ एम्बुलेंसों में फिटनेस और अन्य छोटी कमियां मिलीं, जिन्हें मौके पर ही दुरुस्त करा दिया गया। उन्होंने सभी एम्बुलेंसों में ऑक्सीजन सिलेंडर, मेडिकल उपकरण और अन्य जीवन रक्षक प्रणालियों की कार्यशीलता की जांच की तथा आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए उन्हें पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान जीवन रक्षक दवाओं और आवश्यक उपभोग्य सामग्रियों के स्टॉक का भी पुनः सत्यापन किया गया। कांवड़ यात्रा को देखते हुए एम्बुलेंसों में कुछ अतिरिक्त जरूरी दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

निरीक्षण के दौरान तैनात इमरजेंसी मेडिकल टेक्निशियन (ईएमटी) और चालकों की उपस्थिति, वर्दी, पहचान पत्र तथा वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। साथ ही हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर एम्बुलेंस तैनाती के रूट प्लान की समीक्षा कर निर्देश दिए गए कि किसी भी दुर्घटना या आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को बिना विलंब निकटतम अस्पताल पहुंचाया जा सके।