स्यानाचट्टी में नया बैली ब्रिज तैयार, आज से शुरू हो सकती है वाहनों की आवाजाही

उत्तरकाशी। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा व्यवस्था बहाल करने की दिशा में बड़ी राहत मिली है। स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर निर्मित नया बैली ब्रिज पूरी तरह तैयार हो गया है। विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बुधवार से पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने की संभावना है।

बीते सप्ताह भारी बारिश और भूस्खलन के कारण स्यानाचट्टी में राष्ट्रीय राजमार्ग का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे यमुनोत्री धाम जाने वाला यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। मार्ग बहाली के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग लगातार युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है।

एनएच विभाग किमी 80+300 पर गैबियन सुरक्षा दीवार का निर्माण कर रहा है, जिसका कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। विभाग का लक्ष्य बुधवार तक निर्माण कार्य पूरा कर शाम तक मार्ग को यातायात के लिए खोलना है।

इस बीच, यमुना नदी का जलस्तर घटने से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आई है। नदी के बहाव को नियंत्रित करने और मलबा हटाने के लिए दो पोकलेन मशीनों को नदी में उतारा गया है। मशीनों की मदद से नदी की धारा को सुरक्षित दिशा दी जा रही है तथा बस्ती की सुरक्षा के लिए सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने राहत जताते हुए क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में बाढ़ और कटाव से होने वाले नुकसान को रोका जा सके।