तमंचे के बल पर सेल्स ऑफिसर से लूट, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज

रूड़की। देहरादून से लौट रहे एक एनिमल फार्मा कंपनी के सेल्स ऑफिसर से तमंचे के बल पर लूटपाट के मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना 21 अप्रैल 2026 की बताई गई है।

कृष्णानगर, गली नंबर-9 निवासी ज्योति धीमान ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका पुत्र लविश धीमान एक एनिमल फार्मा कंपनी में सेल्स ऑफिसर है। घटना वाले दिन वह कंपनी के कार्य से देहरादून गया था। रात करीब नौ बजे घर लौटते समय इब्राहिमपुर मार्ग के पास बाइक रोककर फोन पर बात करने के बाद वह लघुशंका करने लगा। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उसकी कमर पर तमंचा सटा दिया।

आरोप है कि बदमाशों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए लविश से दो मोबाइल फोन, पर्स और हेलमेट लूट लिया तथा रामपुर चुंगी की ओर फरार हो गए। पीड़ित ने एक ग्रामीण के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी और पुलिस को तहरीर भी दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।