24 घंटे में बाइक चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

पिरान कलियर: पुलिस ने बाइक चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

कोतवाली प्रभारी एवं सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान निवासी वसीम की मोटरसाइकिल एक रेस्टोरेंट के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों नहरों के बीच की पटरी से शाहनवाज पुत्र ताशीन निवासी वार्ड-6, नई बस्ती, पिरान कलियर को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अधिक पैसा कमाने और रोजमर्रा के खर्च पूरे करने के लिए बाइक चोरी करता था तथा चोरी की बाइक बेचने की फिराक में था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है और उसके खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एएसआई राम अवतार, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी और कांस्टेबल इसरार अली शामिल रहे।