ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई, तीन शराब तस्कर गिरफ्तार, 800 लीटर लाहन नष्ट

मंगलौर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस और सीआईयू रुड़की की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची शराब के कारोबार में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 200 लीटर कच्ची शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए, जबकि मौके पर मिले लगभग 800 लीटर कच्चे लाहन को नष्ट कर दिया।

क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक भगवान महर के नेतृत्व में गठित टीम ने बुधवार को सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध शराब निर्माण की पूरी व्यवस्था का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में उपकरण और कच्चा माल बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि पुत्र काशीराम निवासी बिझोली, परमानंद उर्फ आनंद पुत्र अतर सिंह तथा सौरभ पुत्र जोमपाल, दोनों निवासी नाथू खेड़ी के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से 200 लीटर कच्ची शराब के अलावा दो लोहे के तसले, प्लास्टिक पाइप, बिजली के तारों सहित छह इलेक्ट्रिक हीटर, प्लास्टिक की बाल्टियां, कुप्पी और एक पानी की टंकी भी जब्त की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।