


रानीपोखरी/ऋषिकेश। ऋषिकेश की शिवपुरी पुलिस चौकी में तैनात चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की ड्यूटी से लौटते समय सड़क हादसे में हुई मौत के बाद मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास घमंडपुर, रानीपोखरी लाया गया। पार्थिव शरीर के घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अपने प्रिय सदस्य को अंतिम बार देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, रिश्तेदार और शुभचिंतक उनके घर पहुंचे। माता-पिता, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। शोकाकुल माहौल के बीच लोगों ने परिवार को ढांढस बंधाया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी और जवान भी उनके आवास पहुंचे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों ने विनोद शर्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित सेवाकाल को याद किया।
इसके बाद पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस जवानों ने सलामी देकर अपने साथी अधिकारी को अंतिम विदाई दी। भावुक माहौल के बीच उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार के लिए पूर्णानंद घाट ले जाया गया।
विनोद शर्मा के असामयिक निधन से पुलिस विभाग और क्षेत्रवासियों में गहरा शोक है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
