विकासनगर हिंसा के बाद बैरागीवाला में दहशत, 25 से अधिक मुस्लिम परिवारों ने छोड़े घर

विकासनगर/देहरादून। भाजपा नेता विनोद कुमार की हत्या के बाद विकासनगर क्षेत्र में उपजे तनाव का असर सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में भी देखने को मिला है। हिंसा, आगजनी और तनावपूर्ण माहौल के बीच 25 से अधिक मुस्लिम परिवार अपने घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता की हत्या के बाद बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग गांव पहुंचे। इस दौरान क्षेत्र में तनाव बढ़ गया और हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। बताया जा रहा है कि कुछ प्रदर्शनकारी एक मस्जिद की ओर बढ़े, जिन्हें पुलिस ने बीच में ही रोक दिया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी थी। आरोप है कि निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं होने पर भीड़ ने आरोपियों से जुड़े दो मकानों में आग लगा दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

घटनाक्रम के बाद शनिवार रात से ही कई मुस्लिम परिवार अपने घरों में ताले लगाकर रिश्तेदारों के यहां चले गए। कुछ परिवार जल्दबाजी में बिना ताला लगाए ही घर छोड़ने को मजबूर हुए। गांव में 25 से अधिक घर बंद पड़े हैं और मुस्लिम बहुल मोहल्लों में सन्नाटा पसरा हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की निगरानी के बावजूद परिवारों के मन से भय पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। लोग किसी भी अनजान गतिविधि पर सतर्क नजर रखे हुए हैं और अधिकांश परिवार मौजूदा हालात को लेकर खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

पुलिस और प्रशासन क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं तथा शांति व्यवस्था कायम रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।