


पिरान कलियर। दरगाह में जियारत के दौरान अपने परिजनों से बिछड़ गई चार वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर उसके परिवार को सौंप दिया। बच्ची के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
सीओ एवं कोतवाली प्रभारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि तालगांव, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) निवासी एक महिला अपने परिवार के साथ दरगाह में जियारत के लिए आई थी। दरगाह क्षेत्र में अत्यधिक भीड़ होने के कारण उनकी चार वर्षीय बेटी अचानक परिवार से बिछड़ गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं लग सका।

पीपल चौक के पास रोती हुई मिली बच्ची
सूचना मिलते ही पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पीपल चौक के पास एक चार वर्षीय बच्ची रोते हुए लावारिस हालत में मिली। बच्ची इतनी छोटी थी कि वह अपना नाम और पता भी नहीं बता पा रही थी।
पुलिसकर्मी बच्ची को सुरक्षित कोतवाली लेकर पहुंचे और उसके परिजनों की तलाश शुरू की गई। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई गई।
मां ने की पहचान, सौंपी गई बच्ची
कुछ समय बाद बच्ची की मां कोतवाली पहुंची और उन्होंने बच्ची की पहचान की। आवश्यक पुष्टि के बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सुरक्षित पाकर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का धन्यवाद किया।
पुलिस ने की अपील
सीओ दिव्येश उपाध्याय ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों, मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को अकेला न छोड़ें तथा उनके साथ सतर्कता बरतें ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
बच्ची को सुरक्षित परिजनों तक पहुंचाने वाली टीम में एसआई विशाखा राठौर, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, जमशेद अली, सोफिया अंसारी तथा होमगार्ड अंकित कुमार शामिल रहे।
पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते मासूम बच्ची कुछ ही समय में अपने परिवार से मिल सकी, जिससे परिजनों ने राहत महसूस की।
