


रुड़की। शिवपुरम कल्याण समिति द्वारा सड़क निर्माण और जल निकासी की मांग को लेकर चल रहा धरना शुक्रवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरनास्थल पर पहुंचीं मेयर अनीता अग्रवाल और नगर आयुक्त रामगोपाल मिनवाल ने क्षेत्रवासियों से वार्ता कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया तथा जल निकासी की संभावनाओं का निरीक्षण किया। हालांकि धरनारत लोगों ने स्पष्ट कर दिया कि केवल आश्वासनों के आधार पर आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।
पनियाला रोड स्थित शिवपुरम कॉलोनी के निवासी लंबे समय से सड़क निर्माण और जलभराव की समस्या से परेशान हैं। शुक्रवार को मेयर, नगर आयुक्त और अन्य अधिकारियों ने धरनास्थल का दौरा करने के बाद रहीमपुर फाटक, पनियाला रोड और प्रीत विहार कॉलोनी सहित कई स्थानों का निरीक्षण कर जल निकासी के संभावित विकल्पों का जायजा लिया।

धरने का संचालन कर रहे सतीश शर्मा ने कहा कि निरीक्षण के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो रविवार को बड़ी संख्या में लोग धरनास्थल पर एकत्र होकर मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और मेयर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा कि अन्य कॉलोनियों का पानी शिवपुरम में आने से रोकने के लिए क्षेत्रवासी स्वयं कदम उठाने को मजबूर होंगे।
विकास त्यागी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है और समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही आगामी चुनावों में मतदान बहिष्कार पर भी विचार किया जा सकता है।
मेयर अनीता अग्रवाल ने कहा कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि नगर आयुक्त रामगोपाल मिनवाल ने बरसात से पहले जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करने का भरोसा दिलाया।
धरने को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह ने भी समर्थन दिया और कहा कि कांग्रेस क्षेत्रवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए उनके साथ खड़ी है। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
