


नैनीताल। शुक्रवार को मल्लीताल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। पुराने घोड़ा स्टैंड के पास जल संस्थान का एक बेकाबू ट्रक अचानक भीड़ में घुस गया, जिससे दिल्ली से घूमने आई दो महिला पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा इतना भयावह था कि एक महिला का हाथ और दूसरी का पैर ट्रक के पहिए के नीचे आने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जल संस्थान का ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पहले एक वैन से टकराया। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते ट्रक सड़क किनारे मौजूद लोगों की ओर बढ़ गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही दिल्ली निवासी दो महिला पर्यटक उसकी चपेट में आ गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े। सूचना मिलते ही पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों की सहायता से दोनों महिलाओं को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल की पीएमएस डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल के अनुसार घायल महिलाओं की पहचान रितु डांग (42 वर्ष) और भारवी (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने जल संस्थान के वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
