


सार
नैनीताल: तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो जोन में सफारी के दौरान लापरवाही का एक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक जिप्सी चालक पर्यटकों से भरे वाहन को बाघ के अत्यधिक नजदीक ले जाता दिखाई दे रहा है। इस दौरान वाहन में सवार पर्यटकों में डर का माहौल बन गया, जबकि बाघ भी अचानक वाहन को अपने करीब देखकर चौंकता नजर आया।

वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के नियमों की अनदेखी की गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि बाघ ने कोई आक्रामक प्रतिक्रिया नहीं दी और पर्यटक सुरक्षित रहे। यदि बाघ उत्तेजित हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जांच में प्रथम दृष्टया सफारी नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने संबंधित जिप्सी और उसके चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों को बैन कर दिया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जंगल सफारी के दौरान पर्यटकों और वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी चालक या गाइड को वन्यजीवों के अत्यधिक करीब जाने की अनुमति नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने पर्यटकों से भी अपील की है कि सफारी के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें और वन्यजीवों के प्राकृतिक व्यवहार में हस्तक्षेप करने से बचें, ताकि जंगल का पारिस्थितिक संतुलन और सभी की सुरक्षा बनी रहे।
