


पिरान कलियर। पिरान कलियर दरगाह परिसर से अपहृत सात माह के मासूम बच्चे को हरिद्वार पुलिस ने महज चार दिनों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने बच्चे का अपहरण भीख मांगने में इस्तेमाल कर अधिक पैसे कमाने की नीयत से किया था।
पुलिस के अनुसार 7 जून को दरगाह परिसर में नमाज के दौरान बिहार निवासी कलसूम खातून के सात माह के नाती मोहम्मद अली रजा का अपहरण हो गया था। घटना के बाद थाना पिरान कलियर में मुकदमा दर्ज किया गया और बच्चे की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने दरगाह परिसर, रुड़की-कलियर मार्ग, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन और आसपास के बाजारों में लगे करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक विकलांग महिला और उसके साथ एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। महिला की वैशाखियां और बच्चे के दोनों हाथों में छह-छह उंगलियां पुलिस के लिए महत्वपूर्ण पहचान साबित हुईं।
सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस गुरुवार को लक्सर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, जहां एक विकलांग महिला बच्चे को गोद में लेकर भीख मांग रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया और महिला व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि महिला बचपन से पोलियो से प्रभावित है और अपने साथी समीर उर्फ सोनू के साथ रहती थी। दोनों के पास आय का कोई स्थायी स्रोत नहीं था। कलियर दरगाह में भीख मांगने के दौरान उन्होंने देखा कि छोटे बच्चों को गोद में लेकर भीख मांगने वालों को अधिक पैसे मिलते हैं। इसी लालच में उन्होंने बच्चे को निशाना बनाया और कई दिनों तक उसकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद अपहरण की योजना बनाई।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि 7 जून की शाम मौका मिलते ही समीर ने दरगाह परिसर से बच्चे का अपहरण कर लिया और उसे लंढौरा ले गया। इसके बाद दोनों बच्चे का इस्तेमाल कर भीख मांगने की योजना बना रहे थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी साजिश विफल हो गई।
मासूम की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने मामले के सफल खुलासे पर पुलिस टीम की सराहना की है।
गिरफ्तार आरोपियों में समीर उर्फ सोनू उर्फ बड़ा (22 वर्ष) निवासी लंढौरा, थाना मंगलौर तथा एक 45 वर्षीय महिला आरोपी शामिल है। पुलिस दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
