दून अस्पताल में मंत्री के सामने मरीजों ने खोली स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल, इलाज में देरी पर किया हंगामा

देहरादून। दून अस्पताल में सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के प्रस्तावित दौरे से पहले पहुंचे समाज कल्याण मंत्री खजान दास के सामने मरीजों ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। इलाज में हो रही देरी से नाराज मरीजों ने मंत्री के समक्ष हंगामा करते हुए अपनी शिकायतें रखीं। इसके बाद मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को तत्काल मरीजों का उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए समाज कल्याण मंत्री खजान दास पहले ही दून अस्पताल पहुंच गए थे। स्वास्थ्य मंत्री के देर से पहुंचने के कारण अस्पताल के अधिकारी उन्हें विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कराने लगे। इसी दौरान अधिकारी इमरजेंसी के प्लास्टर कक्ष में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दे रहे थे और 24 घंटे प्लास्टर की सुविधा होने का दावा कर रहे थे।

हालांकि, जब मंत्री प्लास्टर कक्ष के अंदर पहुंचे तो वहां कोई भी स्वास्थ्यकर्मी मौजूद नहीं मिला। वहीं कक्ष के बाहर व्हीलचेयर और बेंच पर कई मरीज लंबे समय से उपचार का इंतजार कर रहे थे। मरीजों ने मंत्री को रोककर बताया कि वे करीब डेढ़ घंटे से प्लास्टर लगवाने के लिए बैठे हैं, लेकिन कोई डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी नहीं पहुंचा।

मरीज अनिकेत ने मंत्री से सवाल किया कि मरीजों का इलाज अधिक जरूरी है या मशीनों का उद्घाटन। उन्होंने कहा कि डेढ़ घंटे से सभी मरीज डॉक्टर का इंतजार कर रहे हैं और पूछने पर यही जवाब दिया जा रहा है कि मंत्री आने वाले हैं।

तीमारदार अज्जू, रेनू और रबीना ने भी आरोप लगाया कि मरीजों को लंबे समय तक बिना उपचार के इंतजार करना पड़ा। शिकायत मिलने के बाद समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने दून अस्पताल की प्राचार्य डॉ. गीता जैन को तत्काल मरीजों का प्लास्टर कराने के निर्देश दिए। देरी के कारण करुणलता नाम की एक बुजुर्ग महिला को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी।

प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने बताया कि निर्देश मिलते ही स्वास्थ्यकर्मी को प्लास्टर कक्ष में भेजकर सभी मरीजों का तत्काल उपचार कराया गया।

उल्लेखनीय है कि दून अस्पताल में सोमवार को सिस्मेक्स मशीन, ऑबेसिटी क्लीनिक, डायनेमिक डिजिटल रेडियोग्राफी और बेरियाट्रिक सर्जरी विभाग सहित चार नई स्वास्थ्य सुविधाओं के लोकार्पण का कार्यक्रम दोपहर दो बजे निर्धारित था। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल निर्धारित समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सके। इसके चलते समाज कल्याण मंत्री खजान दास कार्यक्रम स्थल से वापस लौट गए। बाद में स्वास्थ्य मंत्री शाम करीब छह बजे अस्पताल पहुंचे।