


टिहरी। प्रतापनगर ब्लॉक के ओण पट्टी क्षेत्र में किशोरी से मिलने गए एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक का दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या और एससी-एसटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना देवल गांव की है। मृतक के पिता धनपाल लाल ने बताया कि उनका 18 वर्षीय पुत्र केतन लाल सात जून की रात अपने दोस्त दिवाकर डिमरी के साथ खोलगढ़ गांव गया था। आरोप है कि किशोरी ने फोन कर केतन को मिलने के लिए बुलाया था।

परिजनों का आरोप है कि दोनों युवकों के वहां पहुंचने पर किशोरी के परिजनों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि बाद में किशोरी के पिता ने फोन कर केतन के परिजनों को अपने बेटे को ले जाने के लिए बुलाया।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो केतन गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दिवाकर डिमरी का उपचार जिला अस्पताल बौराड़ी में चल रहा है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय ने बताया कि दिवाकर की हालत फिलहाल सामान्य है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव नहीं उठाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाले केतन लाल की सामान्य वर्ग की किशोरी से पिछले करीब छह माह से मित्रता थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में हत्या और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। नामजद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) टिहरी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
