हरिद्वार में 16 से 18 जून तक होगा किसान महाकुंभ, राष्ट्रीय अधिवेशन में उठेंगे किसानों के अहम मुद्दे

हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की ओर से 16 से 18 जून तक हरिद्वार में तीन दिवसीय किसान महाकुंभ एवं राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। वीआईपी घाट स्थित लाल कोठी परिसर में आयोजित होने वाले इस महाआयोजन में देशभर से किसान प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे और किसानों से जुड़े मुद्दों पर मंथन के साथ आगामी आंदोलन की रणनीति तय करेंगे।

भाकियू के जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन में किसानों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि किसानों पर थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर सिस्टम को पूरी तरह समाप्त किया जाए। इसके अलावा गन्ने के लाभकारी मूल्य में तत्काल बढ़ोतरी, उत्तराखंड के किसानों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने तथा डीजल 50 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि देशभर के किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने की मांग भी अधिवेशन का प्रमुख मुद्दा रहेगी। आयोजन को सफल बनाने के लिए भाकियू कार्यकर्ता लगातार जनपद में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं।

विजय शास्त्री ने कहा कि अधिवेशन के दौरान संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सभी जनपदों में संगठनात्मक गतिविधियों और कार्यों की समीक्षा भी करेगी। महाकुंभ की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कार्यकर्ताओं की बैठकें और जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है।

इस दौरान सुक्रमपाल सिंह, वेदपाल कुमार, प्रदीप कुमार, सावन पाल, शिवम चौधरी, नीलू, वेदपाल फौजी, संजीव सैनी, सतीश कुमार, विवेक लोहान, रजत और रमेश कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।