


रुड़की। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल संगठनात्मक जिला रुड़की की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार मंडल प्रभारी प्रमोद जोहर के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में रुड़की नगर इकाई की चुनाव प्रक्रिया, सदस्यता अभियान तथा संगठन को मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा और प्रदेश शहर कोषाध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि आगामी प्रदेश अध्यक्ष चुनाव को देखते हुए सभी नगर इकाइयों का गठन शीघ्र पूरा किया जाना आवश्यक है। जिन नगर इकाइयों का कार्यकाल समाप्त हो चुका है, वहां संगठनात्मक गतिविधियों को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कार्यवाहक पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि इन कार्यवाहक पदाधिकारियों का कार्यकाल छह माह का होगा। इस अवधि में उन्हें सदस्यता अभियान पूरा करने और संगठनात्मक चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभानी होगी।
हरिद्वार मंडल प्रभारी प्रमोद जोहर एवं सह प्रभारी संजय गर्ग ने कहा कि रुड़की में सदस्यता अभियान अभी पूर्ण नहीं हुआ है, इसलिए एक माह के भीतर चुनाव कराना व्यावहारिक नहीं होगा। उन्होंने कार्यवाहक नगर अध्यक्ष और नगर महामंत्री नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा।
प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा, प्रदेश शहर कोषाध्यक्ष विष्णु शर्मा तथा जिला प्रभारी प्रमोद गोयल के समर्थन से सुनील साहनी को कार्यवाहक नगर अध्यक्ष तथा राहुल शर्मा को कार्यवाहक नगर महामंत्री मनोनीत किया गया। इस प्रस्ताव को प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा का भी समर्थन प्राप्त हुआ, जिसके बाद दोनों पदाधिकारियों की नियुक्ति की औपचारिक घोषणा की गई।
जिला प्रभारी प्रमोद गोयल ने कहा कि जिला इकाई द्वारा सदस्यता अभियान पूर्ण कर चुनाव कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन विभिन्न कारणों से यह संभव नहीं हो सका। प्रदेश स्तरीय चुनावों को देखते हुए संगठन हित में कार्यवाहक नियुक्तियां आवश्यक थीं।
जिला अध्यक्ष सौरभ भूषण शर्मा ने विश्वास जताया कि नव नियुक्त पदाधिकारी संगठन की नीतियों के अनुरूप कार्य करते हुए सदस्यता अभियान को सफल बनाएंगे और आगामी छह माह में संगठन को नई दिशा देंगे।
जिला महामंत्री विभोर अग्रवाल ने सुनील साहनी और राहुल शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि दोनों पदाधिकारी व्यापारियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला कार्यकारिणी के सहयोग से संगठन के प्रति व्यापारियों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा अधिक से अधिक व्यापारी संगठन से जुड़ेंगे।
बैठक में संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भी रणनीति तय की गई।
