सड़क, नाला और जल निकासी की मांग को लेकर शिवपुरम जन कल्याण समिति का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

रुड़की। पनियाला रोड क्षेत्र में सड़क, नाला निर्माण और जल निकासी की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शिवपुरम जन कल्याण समिति ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

धरने को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर ने कहा कि क्षेत्र में जलभराव, टूटी सड़कों और नालों के अभाव के कारण लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए वर्षों से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभागों और जनप्रतिनिधियों की ओर से केवल आश्वासन ही मिले हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। साथ ही चेतावनी दी कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज करते हुए आमरण अनशन भी शुरू किया जा सकता है।

धरने के दौरान पूर्व पार्षद सतीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन को हर स्तर तक ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो विरोध स्वरूप मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पुतलों का दहन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के धैर्य की परीक्षा अब और नहीं ली जा सकती और जनहित से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

धरना स्थल पर मूला सिंह, अजय विश्नोई, राहुल कौशिक, जितेंद्र सैनी, हेमा विष्ट, चंद्रप्रकाश शर्मा, राजेश गोस्वामी, सुशील, मीना, माया नेगी, मुकेश कुमार, अमित शर्मा, मनोज धीमान, रमेश सिंह, राजीव कुमार, सुखमंदर, राजेंद्र जुयाल, सुमित कुमार सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में कहा कि सड़क, नाला निर्माण और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।