


मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र में नाली के पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों द्वारा घर में घुसकर युवती के साथ मारपीट और अभद्रता किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवती के बाल पकड़कर उसे घसीटा, उसके कपड़े फाड़ दिए और घर में जमकर तोड़फोड़ की। मोहल्ले के लोगों के हस्तक्षेप के बाद युवती को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया जा सका। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि 5 जून 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे नाली के पुराने विवाद के चलते कालू पक्ष के कुछ लोग लाठी-डंडों से लैस होकर जबरन उनके घर में घुस आए। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे और उनकी बेटी घर में अकेली थी।

आरोप है कि घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब युवती ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। तहरीर के अनुसार आरोपियों ने युवती के बाल पकड़कर उसे जमीन पर घसीटा तथा उसके कपड़े भी फाड़ दिए। इसके अलावा घर के सामान में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया गया।
घटना के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर युवती को आरोपियों से बचाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर कालू, रेशब और सादिक निवासी कोतवाली मंगलौर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
