घरेलू गैस सिलिंडर में लगी आग, फायर टीम की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रुड़की। नगर की राज विहार कॉलोनी, ढंडेरा स्थित एक मकान में बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे खाना बनाते समय घरेलू गैस सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिलिंडर में आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को सिलिंडर फटने की आशंका सताने लगी, जिसके चलते कॉलोनी में कुछ देर के लिए भय का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। फायरकर्मियों ने हाईप्रेशर वाहन से होजरील के माध्यम से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। इसके बाद सावधानी बरतते हुए जलते हुए गैस सिलिंडर को मकान से बाहर निकाला गया।

फायर टीम की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान कॉलोनी के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए थे और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। आग पर नियंत्रण पाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और फायर कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

क्षेत्रवासियों का कहना था कि यदि फायर टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फायर स्टेशन प्रभारी वंश नारायण यादव ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया था और घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।