


Uttarakhand High Court के मुख्य न्यायाधीश Manoj Kumar Gupta ने ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाईकोर्ट स्टाफ और अधिवक्ताओं के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक शुक्रवार को वर्चुअल सुनवाई (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) दिवस माना जाएगा।
निर्देशों के अनुसार दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले अधिवक्ता वर्चुअल माध्यम से ही अदालत की कार्यवाही में शामिल हों। केवल तकनीकी दिक्कत होने या पैदल अदालत आने वाले अधिवक्ताओं को ही छूट दी जाएगी।

हल्द्वानी, भवाली और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वकीलों से अनुरोध किया गया है कि वे सप्ताह के अन्य दिनों में भी नैनीताल आने के बजाय अधिक से अधिक वर्चुअल माध्यम का उपयोग करें।
पत्र में नैनीताल के अधिवक्ताओं, न्यायालय अधिकारियों और स्टाफ से अदालत तक पैदल आने-जाने की अपील की गई है। वहीं आसपास से आने वालों को निजी वाहन के बजाय कार पूल या कार शेयरिंग अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईकोर्ट प्रशासन का कहना है कि यह पहल केंद्र सरकार के संसाधन और ईंधन बचत संबंधी सुझावों के तहत शुरू की गई है।
