ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डे पर टिकट को लेकर हंगामा, काउंटर का शीशा और जाल टूटा

Rishikesh रोडवेज बस अड्डे पर टिकट लेने को लेकर यात्रियों के बीच हंगामा हो गया। लंबी लाइन और अव्यवस्था के बीच कुछ यात्री लाइन तोड़कर आगे बढ़ने लगे, जिससे यात्रियों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान टिकट काउंटर पर जोरदार धक्का लगने से काउंटर का शीशा और जाल टूटकर अंदर गिर गया।

मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रोडवेज अधिकारियों ने स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को बुलाया, जिसके बाद हालात पर काबू पाया गया। बताया जा रहा है कि कई यात्री करीब एक घंटे से लाइन में लगकर टिकट का इंतजार कर रहे थे।

चारधाम यात्रा के चलते यात्रियों और तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ट्रांजिट कैंप और आईएसबीटी में पंजीकरण काउंटरों पर सुबह से शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं। ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण अस्थायी रूप से बंद कर टोकन व्यवस्था लागू की जा रही है।

पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से आए तीर्थयात्रियों ने बताया कि भारी भीड़ के बावजूद वे पंजीकरण के लिए घंटों लाइन में लगे हैं। प्रशासन का कहना है कि तीर्थयात्रियों के लिए भोजन, पेयजल और ठहरने की सभी व्यवस्थाएं की गई हैं तथा बढ़ती भीड़ को संभालने की तैयारी पूरी है।