


पिरान कलियर में घर से लापता हुई दो नाबालिग सगी बहनों को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटियों के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनका आभार जताया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि वार्ड-9 मुकर्रबपुर निवासी फैजान आलम ने पुलिस को तहरीर देकर जानकारी दी थी कि उसकी दो नाबालिग बेटियां 16 मई को बिना बताए घर से कहीं चली गई थीं और वापस नहीं लौटीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने कलियर और रुड़की क्षेत्र के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार तलाश अभियान चलाया।
पुलिस ने 20 मई को दोनों बहनों को दरगाह क्षेत्र से सकुशल बरामद कर जिला बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया। पूछताछ में दोनों बहनों ने बताया कि वे परिजनों की डांट से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल गई थीं। पहले वे रुड़की पहुंचीं और वहां से ट्रेन के जरिए मुजफ्फरनगर चली गईं।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते दोनों बहनें किसी अनहोनी या गलत हाथों में जाने से बच गईं। बेटियों के सुरक्षित घर लौटने पर मां समेत पूरे परिवार ने राहत की सांस ली।
इस अभियान में एसआई विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश, होमगार्ड राजेंद्र सिंह और वीरवती शामिल रहे।
