ऑनलाइन निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया, आठ आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की साइबर पुलिस स्टेशन, दक्षिण-पश्चिम जिला टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों में कई उच्च शिक्षित युवक शामिल हैं, जिन्होंने बी.टेक, एमबीए और साइबर सिक्योरिटी जैसी डिग्रियां हासिल कर रखी हैं।

दिल्ली पुलिस के अनुसार यह गिरोह नकली ऑनलाइन स्टॉक निवेश प्लेटफॉर्म बनाकर लोगों को झांसे में लेता था। आरोपियों ने एक शिकायतकर्ता से करीब 24 लाख रुपये की ठगी की। जांच में पता चला कि केवल 14 दिनों के भीतर इस गिरोह से जुड़े बैंक खातों में 4.5 करोड़ रुपये के लेन-देन से संबंधित 60 से अधिक शिकायतें दर्ज हुईं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के तार कंबोडिया से जुड़े हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और मध्य प्रदेश में एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 8 मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण बैंकिंग रिकॉर्ड बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  • हरमनजोत सिंह — निवासी मोहाली, पंजाब। शैक्षणिक योग्यता: साइबर सुरक्षा में डिप्लोमा।
  • कैसर मसूदी — निवासी मोहाली, पंजाब। शैक्षणिक योग्यता: एमबीए।
  • अभिषेक — निवासी पानीपत, हरियाणा। शैक्षणिक योग्यता: बी.कॉम।
  • मो. ज़ाहिद — निवासी जाफराबाद, दिल्ली।
  • आमिर मलिक — निवासी जाफराबाद, दिल्ली।
  • अमरजीत अहिरवार — निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश।
  • आलोक शर्मा — निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश। शैक्षणिक योग्यता: बी.टेक।
  • अनंत पांडे — निवासी रीवा, मध्य प्रदेश। शैक्षणिक योग्यता: बी.टेक।

पुलिस अब गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।