उत्तराखंड में बढ़ी गर्मी की मार, देहरादून-हरिद्वार में लू का येलो अलर्ट जारी

देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से गर्मी लगातार अपने तेवर दिखा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से 20 मई के लिए प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्म हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार और उत्तरकाशी के सीमावर्ती क्षेत्रों में लू चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

मैदानी इलाकों के साथ अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई देने लगा है। मई के शुरुआती दिनों में जहां पहाड़ों में मौसम सुहावना बना हुआ था, वहीं अब तेज धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। राजधानी देहरादून में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जो सामान्य से अधिक माना जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। गर्मी और लू के कारण लोगों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आंकड़ों के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री बढ़कर 23.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी मौसम का यही हाल देखने को मिला।