


देहरादून। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों — हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड — ने उत्तराखंड के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सहित सभी आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और निर्बाध बनी हुई है।
कंपनियों की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि टर्मिनलों और डिपो से लेकर रिटेल आउटलेट्स तक ईंधन आपूर्ति शृंखला सुचारु रूप से संचालित हो रही है। राज्य के किसी भी हिस्से में ईंधन की कमी जैसी स्थिति नहीं है। सभी स्थानों पर ईंधन स्टॉक की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता अनुसार पुनःपूर्ति का कार्य नियमित रूप से जारी है।

तेल कंपनियों ने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। प्रदेशभर में रसोई गैस की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है और उपभोक्ताओं तक निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
आईओसीएल उत्तराखंड के राज्य स्तरीय समन्वयक कृष्ण कुमार गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद या संग्रहण यानी पैनिक बाइंग से बचें। उन्होंने कहा कि ईंधन उपलब्धता से संबंधित सही और प्रमाणित जानकारी के लिए केवल तेल विपणन कंपनियों के आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें।
