


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते चार वर्षों में सरकारी सेवा में चयनित हुए कार्मिकों को डिजिटल माध्यम से पत्र भेजकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की जनता ने उन्हें दूसरी बार प्रदेश की सेवा का अवसर दिया, जिसके बाद राज्य में बेरोजगारी की समस्या को कम करने और सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के लिए व्यापक भर्ती अभियान शुरू किया गया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को राजकीय सेवक के रूप में नियुक्ति प्रदान की जा चुकी है और यह अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि अब युवा अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के बल पर सरकारी सेवाओं में चयनित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने अपने पत्र में कहा कि राज्य सरकार के कठोर नकल विरोधी कानून, निष्पक्ष, ईमानदार एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया के कारण योग्य युवाओं को उचित अवसर और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल चयनित युवाओं और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी गर्व का विषय है।
उन्होंने चयनित कार्मिकों से ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील करते हुए कहा कि राजकीय सेवक के रूप में उन्हें मानवीय मूल्यों के साथ आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित भी किया।
