


रुड़की। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, रुड़की के सभागार में इंटरमीडिएट एवं हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं के सम्मान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व मेयर गौरव गोयल ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक शक्ति होते हैं। छात्राओं ने 80, 90 एवं शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।

विद्यालय की प्रधानाचार्य नीलम कटियार ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान शिक्षा के प्रति समर्पण का सम्मान है, जिससे अन्य छात्राओं को भी प्रेरणा मिलती है। समाजसेवी नवनीत गर्ग ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा को बढ़ावा देना समाज के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।
सम्मानित छात्राओं में रितिका, अरशी, आयुषी सैनी, नाजिश, इकरा, सिधरा, अंजलि, साक्षी सहित अन्य छात्राएं शामिल रहीं। वहीं अध्यापिकाएं निरूपमा वर्मा एवं अनु कोहली को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य द्वारा पूर्व मेयर गौरव गोयल को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
