किडनी की बीमारी से परेशान युवक ने गंगनहर में लगाई छलांग, तलाश जारी

पिरान कलियर। गंभीर बीमारी से जूझ रहे एक युवक द्वारा गंगनहर में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कासगंज अलीगढ़, उत्तर प्रदेश निवासी 32 वर्षीय हेम सिंह पिछले काफी समय से किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। रविवार को वह अपने भाई ओम शंकर के साथ बाइक से उपचार के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स अस्पताल जा रहा था।

बताया गया कि मेहवड़-कलियर के बीच निर्माणाधीन पुल के पास पहुंचने पर हेम सिंह ने टॉयलेट जाने की बात कहकर अपने भाई से बाइक रुकवाई। इसी दौरान उसने अचानक गंगनहर में छलांग लगा दी।

भाई ओम शंकर ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंगनहर के तेज बहाव में युवक कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गया और लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जल पुलिस और गोताखोरों की टीम की सहायता से गंगनहर में युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि गंगनहर में डूबकर लापता हुए युवक की तलाश लगातार जारी है और आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की जा रही है।