


हरिद्वार। नशे की हालत में एक युवक द्वारा डायल-112 पर कॉल कर हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तेजी से कार्रवाई की और 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि रविवार तड़के सिटी कंट्रोल रूम पर एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें कॉलर ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए चार दिन के भीतर हरिद्वार में बम ब्लास्ट करने की धमकी दी। आरोपी ने देश और प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मामले में नगर कोतवाली में अज्ञात कॉलर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई और जांच की जिम्मेदारी एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल नंबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपी की पहचान कर ली।
जांच में आरोपी की पहचान सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में पुलिस कंट्रोल रूम को धमकी भरा कॉल किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी हरिद्वार के एक होटल में कार्यरत है और शराब पीने का आदी है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी का अब तक कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है, लेकिन सार्वजनिक सुरक्षा और दहशत फैलाने के मामले में कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
