


हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में हरकी पैड़ी के पास बाजार में बिना लाइसेंस एयर गन बेचने की शिकायत पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो दुकानों को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार हरकी पैड़ी क्षेत्र की राम प्रसाद वाली गली में एयर गन की कई दुकानें संचालित हो रही थीं। इन दुकानों के बिना वैध लाइसेंस चलने की शिकायत अधिकारियों को मिली थी। शिकायत के बाद मंगलवार देर शाम एसडीएम जितेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने मौके पर छापेमारी की।

जांच के दौरान सरदार एयर गन शॉप और अक्षय एयर गन शॉप बिना लाइसेंस संचालित होती मिलीं। अधिकारियों ने बताया कि दुकानदार वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों दुकानों में बड़ी संख्या में एयर गन रखी हुई थीं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से दोनों दुकानों को सील कर दिया।
एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि बिना लाइसेंस एयर गन बिक्री की शिकायत मिलने पर जांच की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमानुसार लाइसेंस मिलने के बाद ही एयर गन बेचने की अनुमति दी जाएगी।
बताया जा रहा है कि इन दुकानों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी मौजूद हैं, जिनमें दुकानदार एयर गन की जानकारी देने के साथ उनका प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं।
