

रुड़की:
रुड़की तहसील परिसर में कराए गए सौंदर्यकरण कार्यों का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री एवं विधायक प्रदीप बत्रा और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर तहसील परिसर में पूर्व में स्थापित कंप्यूटर सेंटर के प्रथम बैच का भी उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री और जिलाधिकारी ने कंप्यूटर कक्षा की छात्राओं को बैग वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रशासन द्वारा तहसील के मुख्य द्वार का नवनिर्माण कराया गया है, वहीं बाहरी दीवारों पर आकर्षक कलाकृतियों के माध्यम से सौंदर्यकरण किया गया है। साथ ही तहसील के बाहरी क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर परिसर को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक रूप दिया गया है।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि “स्वच्छ रुड़की, सुंदर रुड़की” की दिशा में यह कार्य मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बताया कि नगर में लगातार विकास कार्यों को गति दी जा रही है और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि प्रशासन मुख्यमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रुड़की तहसील में किए गए ये कार्य उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं और जिले को अतिक्रमण मुक्त, स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

