अंबेडकर जयंती पर माल्यार्पण को लेकर बवाल, पथराव और फायरिंग से गांव में तनाव

UP: बंथरा के शिवपुरा अंबेडकरनगर इलाके में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती कार्यक्रम के दौरान माल्यार्पण को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट, पथराव और हवाई फायरिंग तक की नौबत आ गई, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, हर वर्ष की तरह इस बार भी अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजित होना था। आयोजन की तैयारी कर रहे करन गौतम, विशाल गौतम और अमरेंद्र चौधरी मौके पर मौजूद थे। सुबह करीब 10 बजे बंथरा नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रंजीत रावत अपने समर्थकों के साथ चार लग्जरी वाहनों में वहां पहुंचे।

आरोप है कि गेट बंद होने के बावजूद उन्होंने उसे खोलकर अंदर प्रवेश किया और तत्काल माल्यार्पण करने लगे। वहीं, आयोजनकर्ताओं का कहना था कि पहले बौद्ध प्रार्थना (बुद्ध वंदना) के बाद ही माल्यार्पण किया जाएगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अभिषेक प्रियदर्शी मौके पर पहुंचे और बिना प्रार्थना के माल्यार्पण पर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और सरिया से हमला शुरू हो गया। करीब आधे घंटे तक चले इस बवाल में कुछ लोगों ने हवाई फायरिंग भी की।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटनास्थल से .32 बोर के दो कारतूस बरामद किए गए हैं। इस झड़प में करन गौतम, विशाल गौतम और आकाश घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी सरोजनीनगर में उपचार के लिए भेजा गया।

मामले में रजनीश वर्मा (एसीपी कृष्णानगर) ने बताया कि दोनों पक्षों से शिकायत मिली है और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। गांव में फिलहाल स्थिति सामान्य है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद प्रस्तावित कार्यक्रम भी शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।