ऑपरेशन प्रहार: दरगाह क्षेत्र से 12 भेषधारी बाबा गिरफ्तार, आस्था के नाम पर ठगी का खुलासा

पिरान कलियर,
धर्म की आड़ में लोगों की आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कलियर पुलिस ने दरगाह शरीफ क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर 12 संदिग्ध भेषधारी बाबाओं को गिरफ्तार किया है।

कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर दरगाह परिसर और आसपास के सराय, रैन बसेरा व टीन शेड क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न राज्यों—उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान से आए ऐसे व्यक्तियों को पकड़ा गया, जो साधु-संतों का भेष धारण कर आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत व पारिवारिक समस्याओं के समाधान का झांसा देकर अनुचित लाभ लेने का प्रयास कर रहे थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आस्था के नाम पर ठगी करने वाले तत्वों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

इस अभियान में कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के साथ उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल सुनील चौहान, कांस्टेबल प्रकाश मनराल और कांस्टेबल सुबोध पुरोहित की टीम शामिल रही।