

रुड़की,
रुड़की के बीएसएम डिग्री कॉलेज परिसर स्थित एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लगने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दुकान के अंदर से लगातार उठ रहे काले धुएं ने आग की भयावहता को और बढ़ा दिया। मौके पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई।


आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड कर्मियों को दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुकान में इंजन ऑयल समेत कई ज्वलनशील पदार्थ रखे हुए थे, जिसके चलते आग तेजी से फैल गई और विकराल रूप ले लिया।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही रुड़की के विनय विशाल अस्पताल में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। लगातार दूसरे दिन आग की घटनाओं से क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

