ऋषिकेश योग महोत्सव में योगाचार्य विक्रम ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, 10 मिनट में किए 100 आसन

Rishikesh : शीशमझाड़ी स्थित श्रीस्वामी नारायण आश्रम में दून योगपीठ की ओर से द्वितीय ऋषिकेश योग महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस महोत्सव में योगाचार्य विक्रम ने अपनी अद्भुत योग प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मात्र 10 मिनट में मुक्त हस्त शीर्ष पद्मासन सहित 100 योग आसन प्रस्तुत कर बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स लंदन में अपना नाम दर्ज कराया।

कार्यक्रम का उद्घाटन स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल, मेयर शंभू पासवान, महायोगी जीतानांद और अभियान संयोजक योगाचार्य डॉ. विपिन जोशी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से देवभूमि उत्तराखंड की योग प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिलता है। उन्होंने दून योगपीठ द्वारा गांवों को योग और आयुर्वेद ग्राम के रूप में विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।

योगाचार्य डॉ. विपिन जोशी ने कहा कि योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और अध्यात्म के समन्वय से उत्तराखंड को एक बड़े वेलनेस हब के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके लिए सरकार, स्थानीय जनता और योग संस्थानों को मिलकर कार्य करना होगा।

महोत्सव में योग साधकों और जिज्ञासुओं ने विभिन्न यौगिक क्रियाओं का प्रदर्शन कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इस अवसर पर डॉ. ज्योति चुफाल, योगाचार्य मीना झिंगवान, योगाचार्य अंबिका उनियाल, योगाचार्य राधिका, डॉ. रमित चौधरी, डॉ. तनुजा जोशी, योगाचार्य सौरभ, योगाचार्य शिवम गोस्वामी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।