

ऋषिकेश के मुनि की रेती थाना क्षेत्र और नगर पंचायत तपोवन में एक विदेशी महिला पर्यटक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला ने एक होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल महिला को उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है।

थाना मुनि की रेती प्रभारी प्रदीप चौहान के अनुसार, यह घटना 9 अप्रैल तड़के करीब 3:30 बजे की है। रोमानिया निवासी 30 वर्षीय टोडोस डेनिस क्रिस्टीना टूरिस्ट वीजा पर ऋषिकेश घूमने आई थी और 6 अप्रैल से तपोवन स्थित एक होटल में ठहरी हुई थी।
बताया गया कि महिला ने अपने होटल से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक अन्य होटल की तीसरी मंजिल से छलांग लगाई। जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से पहले महिला ने होटल में हंगामा किया और कर्मचारियों के साथ अभद्रता की।
पुलिस के अनुसार, महिला कब और कैसे होटल की तीसरी मंजिल तक पहुंची, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। मामले की सूचना रोमानिया दूतावास को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई दूतावास से निर्देश मिलने के बाद की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

