

Dehradun: सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर लगातार विवादों में रहने वाली उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी शिकंजे में आ गई हैं। इस बार देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि सहारनपुर के गोविंद नगर की रहने वाली उर्मिला सनावर ने अपनी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा कीं।

शिकायत के अनुसार, उर्मिला ने न केवल आरती गौड़ की सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, बल्कि लोगों को उनके खिलाफ उकसाने का भी प्रयास किया। आरोप है कि उन्होंने फेसबुक पर आरती का मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उन्हें अज्ञात लोगों से लगातार कॉल और धमकियां मिलने लगीं।
आरती गौड़ ने पुलिस को बताया कि इस घटनाक्रम से वह मानसिक रूप से काफी परेशान हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल के अनुसार, पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट समेत पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
उर्मिला से जुड़े प्रमुख विवाद:
उर्मिला सनावर पहले भी कई मामलों को लेकर सुर्खियों में रही हैं।
- ऑडियो बम विवाद: उन्होंने दावा किया था कि उनके पास अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े अहम ऑडियो साक्ष्य हैं, जिन्हें उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल किया और कुछ भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए।
- सुरेश राठौर प्रकरण: उर्मिला ने भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ अपने संबंधों को लेकर विवाद खड़ा किया था। उन्होंने खुद को उनकी पत्नी बताया, जबकि बाद में इस मामले में ब्लैकमेलिंग और फिरौती के आरोप भी सामने आए।
- लापता होने का मामला: जनवरी 2026 में उर्मिला ने एक वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया था, जिसके बाद वह करीब नौ दिनों तक लापता रहीं। इस दौरान पुलिस ने उनके घर पर नोटिस भी चस्पा किया था।

