गंगनहर पटरी पर भीषण हादसा, बाइक सवार की मौत, पुत्र गंभीर घायल

Roorkee : गंगनहर पटरी पर स्थित स्टील फैक्टरी के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, एक बाइक मंगलवार दोपहर गंगनहर पटरी से गुजर रही थी। जैसे ही बाइक मंगलौर क्षेत्र में स्टील फैक्टरी के पास पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार 48 वर्षीय अनिल कुमार, निवासी शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार 24 वर्षीय पुत्र वंश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल वंश को तुरंत सिविल अस्पताल रुड़की में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ।