रुड़की में किसान महापंचायत, बिजली और राजस्व समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन

रुड़की में उत्तराखण्ड किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों ने बिजली विभाग और तहसील से जुड़ी समस्याओं को लेकर महापंचायत आयोजित कर जोरदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान अधीक्षण अभियंता, विद्युत विभाग कार्यालय पर एकत्र हुए।

किसानों ने परिसर में सभा कर सरकार और बिजली विभाग की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर रोष व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम अधीक्षण अभियंता के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में प्रमुख मांगों में बिजली बिलों में सिक्योरिटी के नाम पर वसूली बंद करने, कृषि ट्यूबवेलों की बिजली दरें अन्य राज्यों की तर्ज पर कम करने, स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने, सरचार्ज माफ करने और बकाया बिलों के चलते कनेक्शन न काटने की मांग शामिल रही।

धरना-प्रदर्शन के बाद किसानों ने विद्युत विभाग कार्यालय से रुड़की तहसील स्थित ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। इस दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।

तहसील पहुंचकर किसानों ने राजस्व विभाग से संबंधित समस्याओं को भी उठाया। इसमें स्थायी निवास धारकों को मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करने, इकबालपुर चीनी मिल का बकाया भुगतान करने और प्रदेश में ओबीसी आरक्षण 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने की मांग की गई।

इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं में गढ़वाली और कुमाऊंनी भाषा से जुड़े प्रश्नों को हटाने की मांग भी उठाई गई।

राष्ट्रीय अध्यक्ष गुलशन रोड़ ने कहा कि किसान पहले ही आर्थिक संकट और बढ़ती लागत से जूझ रहे हैं। ऐसे में बिजली बिलों में अतिरिक्त वसूली और कनेक्शन काटने की कार्रवाई उनके साथ अन्याय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन दीपक पुंडीर ने किया। इस दौरान कई किसान नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।