गुर्जर बस्ती में 14 फीट लंबे अजगर का रेस्क्यू, वन विभाग ने सुरक्षित छोड़ा जंगल में

Dehradun : कालसी वन प्रभाग की तिमली रेंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुल्हाल की गुर्जर बस्ती में रविवार दोपहर एक विशालकाय अजगर के दिखाई देने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

सर्प मित्र आदिल मिर्जा विभागीय कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने अजगर को सफलतापूर्वक पकड़ लिया। इस दौरान मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग अजगर के साथ वीडियो और फोटो बनाते नजर आए।

वन क्षेत्राधिकारी पंकज ध्यानी ने जानकारी दी कि पकड़ा गया अजगर लगभग 14 फीट लंबा और 55 किलो 300 ग्राम वजन का था। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित तरीके से आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस तरह की घटनाओं में घबराने के बजाय तुरंत विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।