

देहरादून में संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस का अभियान लगातार जारी है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिदिन रात्रि में व्यापक चेकिंग की जा रही है।

गुरुवार देर रात एसपी सिटी और एसपी देहात के नेतृत्व में विभिन्न पुलिस टीमों ने नगर क्षेत्र में सघन अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर गहन निरीक्षण किया गया और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों के ठिकानों पर औचक छापेमारी की गई।

पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले और निर्धारित समय के बाद खुले रहने वाले बार और रेस्टोरेंट के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
खास बात यह रही कि रात्रि चेकिंग की कमान महिला पुलिस अधिकारियों ने संभाली। रायपुर क्षेत्र के चुना भट्टा स्थित सपेरा बस्ती में भी पुलिस टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर संदिग्धों की जांच की।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के जरिए शहर में अपराध पर नियंत्रण और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
