नेपाल मार्ग से अवैध रूप से आईं विदेशी महिलाएं गिरफ्तार, फर्जी दस्तावेज बरामद

देहरादून (रिपोर्ट):
रायपुर थाना पुलिस ने सत्यापन अभियान के दौरान तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो उज्बेकिस्तान और एक किर्गिस्तान की रहने वाली है। ये महिलाएं अवैध रूप से भारत में रह रही थीं और इनके पास से फर्जी दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत रविवार को रायपुर क्षेत्र में पुलिस द्वारा सघन सत्यापन अभियान चलाया गया। इसी दौरान साईं कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर तीन विदेशी महिलाएं रहती हुई पाई गईं।

दस्तावेजों की जांच के दौरान महिलाएं आनाकानी करने लगीं, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने अपने कागजात दिखाए। जांच में सामने आया कि एक महिला किर्गिस्तान की निवासी है, जबकि दो महिलाएं उज्बेकिस्तान की हैं। पुलिस को इनके पास से फर्जी आधार कार्ड और अन्य नकली दस्तावेज भी मिले, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है।

पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम इरिका, करीना और निगोरा नीम बताए। इरिका वर्ष 2023 में एक साल के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं गई। वहीं करीना और निगोरा वर्ष 2022 और 2023 में नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं और दिल्ली समेत विभिन्न स्थानों पर रह रही थीं।

तीनों महिलाओं की मुलाकात दिल्ली में हुई थी और उन्होंने एक परिचित के माध्यम से फर्जी भारतीय दस्तावेज बनवाए थे। पुलिस के अनुसार, निगोरा को पहले भी बिहार पुलिस द्वारा फर्जी दस्तावेजों के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, लेकिन जमानत मिलने के बाद भी वह भारत में अवैध रूप से रह रही थी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।