पुडुचेरी ने तोड़ा यूपी का 10 साल का दबदबा, महिला वर्ग में यूपी बनी चैंपियन

देहरादून (रिपोर्ट):
उत्तराखंड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन की देखरेख में आयोजित 33वीं फेडरेशन कप टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का समापन रविवार को नेहरू स्टेडियम में धूमधाम के साथ हुआ। प्रतियोगिता में देशभर की टीमों ने भाग लेकर उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।

पुरुष वर्ग के फाइनल मुकाबले में पुडुचेरी की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पिछले 10 वर्षों से चैंपियन रही उत्तर प्रदेश की टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। पुडुचेरी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 67 रन बनाए और उत्तर प्रदेश के सामने 68 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में उत्तर प्रदेश की टीम निर्धारित ओवरों में 55 रन ही बना सकी और पुडुचेरी ने 12 रन से जीत दर्ज की। इस वर्ग में गोवा और तमिलनाडु की टीमों को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला।

वहीं महिला वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम ने अपना दबदबा कायम रखते हुए तमिलनाडु को हराकर खिताब बरकरार रखा। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी ने 72 रन बनाए, जिसके जवाब में तमिलनाडु की टीम 54 रन पर सिमट गई। इस वर्ग में गोवा और पुडुचेरी की टीमों को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान मिला।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में दर्जा धारी राज्यमंत्री शोभा राम प्रजापति, देशराज कर्णवाल, चौधरी अजीत सिंह और रामकुमार वालिया भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पुडुचेरी, तमिलनाडु, गोवा, उत्तर प्रदेश, लक्षद्वीप और जम्मू-कश्मीर के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता की।