उत्तराखंड में 85% मतदाताओं की बीएलओ मैपिंग पूरी, 1 अप्रैल से सघन अभियान शुरू

देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को और अधिक सटीक एवं अपडेटेड बनाने के लिए चल रही प्रक्रिया के तहत 85 प्रतिशत मतदाताओं की बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) मैपिंग पूरी कर ली गई है। अब आगामी 1 अप्रैल से प्री-एसआईआर (संक्षिप्त पुनरीक्षण) के तहत सघन मैपिंग अभियान शुरू किया जाएगा।

यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने शुक्रवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और हर पात्र नागरिक को मताधिकार सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा अब तक करीब 19 हजार बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए जा चुके हैं। हर बूथ पर अनुपस्थित, स्थानांतरित (शिफ्टेड) और मृत मतदाताओं की सूची तैयार की जा रही है, जिससे मतदाता सूची को अद्यतन किया जा सके।

डॉ. जोगदंडे ने यह भी बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया है। इस सुविधा के तहत मतदाता एक क्लिक पर अपने बीएलओ से संपर्क के लिए कॉल बुक कर सकते हैं।

मतदाता https://voters.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर या ECI-NET मोबाइल ऐप डाउनलोड कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। कॉल बुक करने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ स्वयं मतदाता से संपर्क करेगा।

इस पहल से मतदाताओं को घर बैठे सहायता मिलने के साथ ही निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने में मदद मिलेगी।