

रुड़की। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 13 वर्षों से न्यायालय से फरार आरोपी पंकज शर्मा को हरियाणा के सिरसा जनपद से दबोचा है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी रुड़की के नेतृत्व में वारंटियों की शत-प्रतिशत तामील के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर की टीम ने 23 मार्च 2026 को कार्रवाई करते हुए आरोपी को इन्द्रा विकास कॉलोनी, वार्ड नंबर 12, बेगू रोड, सिरसा (हरियाणा) से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी पंकज शर्मा (42 वर्ष) पुत्र राजकुमार शर्मा, निवासी प्रीतनगर गली नंबर 4, सिरसा के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था। उसके विरुद्ध वर्ष 2013 में मामला दर्ज किया गया था और वह तभी से फरार चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार और हेड कांस्टेबल बाबू राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने टीम के साथ मिलकर गिरफ्तारी को अंजाम दिया।
