

भगवानपुर कस्बे में बीडी इंटर कॉलेज की करीब नौ बीघा जमीन को फर्जी प्रबंध समिति बनाकर बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाते हुए फर्जी समिति के अध्यक्ष समेत 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। वहीं, जिलाधिकारी की ओर से गठित जांच समिति ने भी मामले में पक्षकारों के बयान दर्ज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

चुड़ियाला गांव निवासी सुधीर त्यागी ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर बताया कि वह दयानंद एंग्लो वैदिक संस्था भगवानपुर का आजीवन सदस्य है। आरोप है कि दुष्यंत त्यागी ने संस्था के नाम पर फर्जी प्रबंध समिति गठित कर उसमें फर्जी सदस्यों को शामिल किया और टोल प्लाजा के पास स्थित बीडी इंटर कॉलेज की भूमि को अवैध रूप से बेच दिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने पर कराई गई जांच में आरोप सही पाए गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि दुष्यंत त्यागी सहित 13 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इधर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एसडीएम डीएस नेगी की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। समिति के समक्ष दिए गए बयानों में सदस्यों ने इस पूरी प्रक्रिया का विरोध करते हुए जमीन को पुनः कॉलेज के नाम दर्ज कराने की मांग की है।
