देहरादून में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते जेई रंगे हाथ गिरफ्तार

Dehradun: भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए विजिलेंस देहरादून की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार पर आरोप है कि वह एक उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदे गए अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन जारी करने और विद्युत भार बढ़ाने के नाम पर 80,000 रुपये की मांग कर रहा था।

शिकायतकर्ता ने इस संबंध में सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई।

आज किए गए ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपी जेई अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस प्रकरण में अन्य कोई अधिकारी या कर्मचारी शामिल तो नहीं है।

इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। विजिलेंस टीम ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी शिकायत तुरंत करें, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।