
रुद्रपुर। रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की चपेट में आने से टेंपो स्टैंड के एक मुंशी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार भूरारानी खुशी इनक्लेव वार्ड-31 निवासी 26 वर्षीय करन खेड़ा पुत्र ललित खेड़ा रुद्रपुर टेंपो स्टैंड में मुंशी का काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार रात वह किसी काम से बाहर गया हुआ था।
रात करीब 12 बजे के आसपास रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने इसकी सूचना भारत सेवा टीम के सदस्यों को दी।
मौके पर पहुंचे टीम के सदस्यों ने घायल करन को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जानकारी लेकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
