मार्च में ही चढ़ा गर्मी का पारा, दून में तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक

देहरादून। मार्च की शुरुआत से ही उत्तराखंड में गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। बीते कुछ दिनों में मैदानी इलाकों में बादल छाने और पहाड़ी क्षेत्रों में कोहरे के चलते बारिश की संभावना जताई गई थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके चलते मार्च के दूसरे सप्ताह में ही तापमान ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं।

बृहस्पतिवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक बढ़कर 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री अधिक 16.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री अधिक 25.1 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रदेश के अन्य इलाकों में भी लगभग ऐसा ही हाल रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 13 मार्च को भी पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर बने रहेंगे। आने वाले दिनों में 17 मार्च तक प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने का अनुमान जताया गया है। वहीं विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेशभर में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

बदरीनाथ की चोटियों पर हुई बर्फबारी
बदरीनाथ धाम की पहाड़ियों पर बृहस्पतिवार को जमकर बर्फबारी हुई। दो दिन पहले भी धाम में बर्फबारी दर्ज की गई थी। गुरुवार सुबह से जिले में मौसम बदला हुआ था। हालांकि निचले इलाकों में बारिश नहीं हुई, लेकिन बदरीनाथ की चोटियां बर्फ से सफेद हो गईं। बर्फबारी के कारण धाम का मौसम खुशनुमा हो गया है, वहीं ठंड भी काफी बढ़ गई है।