
ऋषिकेश:
ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन में सोमवार से 38वें अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव का भव्य आगाज हो गया। यह महोत्सव 15 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में दुनिया के करीब 80 देशों से 1200 से अधिक योग जिज्ञासु और योगाचार्य हिस्सा लेने पहुंचे हैं। इसके अलावा 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, उच्चायुक्त और राजदूत भी इसमें शामिल हो रहे हैं।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने बताया कि महोत्सव में 13 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और 14 मार्च को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह भी प्रतिभाग करेंगे। अंतरराष्ट्रीय योग महोत्सव में विभिन्न देशों के प्रसिद्ध योगाचार्य, आध्यात्मिक गुरु और विशेषज्ञ प्रतिभागियों को योग और आध्यात्मिकता से जुड़ी जानकारी देंगे।
महोत्सव के दौरान शिवा रिया, आनंद मेहरोत्रा, किया मिलर, स्टीवर्ट गिलक्रिस्ट, साध्वी आभा सरस्वती, गंगा नंदिनी, आध्या, डॉ. गणेश राव और डॉ. एचआर नागेंद्र सहित कई विशेषज्ञ आध्यात्मिक सत्रों में भाग लेंगे। वहीं टॉमी रोसेन, एरिका कॉफमैन, मोहन भंडारी और डॉ. इंदु शर्मा सहित अंतरराष्ट्रीय योग गुरु योग कक्षाओं का संचालन करेंगे।
संध्याकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी महोत्सव का विशेष आकर्षण रहेंगे। इनमें प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर, ड्रम्स वादक शिवमणि, गायिका रूना रिजवी और राधिका दास एंड फ्रेंड्स अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों को 150 से अधिक योग कक्षाएं, कार्यशालाएं, प्रवचन और संवाद सत्रों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इन सत्रों में कुंडलिनी योग, हठ योग, योग निद्रा, प्राणायाम, ध्यान, आयुर्वेद, ध्वनि चिकित्सा, भारतीय शास्त्रीय नृत्य और संगीत जैसे विविध विषयों पर चर्चा और अभ्यास कराया जाएगा।
